महाशिवरात्रि पर मवाना में पांच दिवसीय भंडारा शुरू, श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
महाशिवरात्रि पर मवाना में पांच दिवसीय भंडारा शुरू, श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं
मवाना। मवाना कस्बे के गंग नहर मार्ग पर महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 11 फरवरी से पांच दिवसीय भंडारे का शुभारंभ किया गया। धार्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत संगठन मंत्री प्रमोद जी एवं प्रांत उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी ने फीता काटकर किया।
कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय किसान परिषद के जिलाध्यक्ष सुभाष गाबा के नेतृत्व में किया जा रहा है।
प्रांत उपाध्यक्ष प्रदीप त्यागी ने बताया कि भंडारे का शुभारंभ विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ किया गया। महाशिवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों के आगमन को देखते हुए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
महानगर महामंत्री अपूर्व रस्तोगी ने जानकारी दी कि शिविर में कांवड़ियों के ठहरने के लिए टेंट, पेयजल और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही प्राथमिक उपचार के लिए दवाओं की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी। पांचों दिन श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और भोजन की व्यवस्था की गई है।
समिति ने क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष अंकुर, जिला कोषाध्यक्ष महेश आर्य, गोपाल फिटकरी, सचिन गुप्ता, अमर रस्तोगी, अर्क बंसल, राजा सैनी और रोहित त्यागी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
धार्मिक उत्साह और भक्ति भाव के बीच शुरू हुआ यह पांच दिवसीय भंडारा क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण को और प्रगाढ़ बना रहा है।