मवाना । गांव मवाना खुर्द स्थित भगवती गार्डन में उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मवाना खुर्द में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर कुल 174 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे और नए जीवन की शुरुआत की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत हस्तिनापुर की अध्यक्षा सुधा खटीक, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, मवाना ब्लॉक प्रमुख गीता पायला तथा हस्तिनापुर ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
143 हिंदू और 31 मुस्लिम जोड़ों का संपन्न हुआ विवाह
इस सामूहिक विवाह समारोह में मवाना, हस्तिनापुर, परीक्षितगढ़ ब्लॉक क्षेत्र, नगर पालिका परिषद मवाना, नगर पंचायत बहसूमा, फलावदा, परीक्षितगढ़ तथा नगर निगम मेरठ क्षेत्र के जोड़े शामिल हुए।
कुल 174 जोड़ों में से 143 हिंदू और 31 मुस्लिम जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया गया।
वैदिक गुरुकुल ट्रस्ट सिसौली के पंडितों व आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हिंदू जोड़ों का विवाह संपन्न कराया, वहीं मौलाना व काजियों द्वारा 31 मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़वाया गया।
प्रदेश में 1005 निर्धन कन्याओं का हुआ विवाह
ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. योगेश ने बताया कि पूरे प्रदेश में आज 1005 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह संस्कार कराया गया। यह योजना “सबका साथ, सबका विकास” की नीति को साकार करती है, जिसमें सभी वर्गों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर दिया जा रहा है।
सरकार की ओर से आर्थिक सहायता
जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने जानकारी दी कि योगी सरकार द्वारा इस योजना के लिए विशेष बजट जारी किया गया है।
वर्तमान में प्रत्येक कन्या को—
- ₹60,000 की धनराशि सीधे बैंक खाते में
- ₹25,000 की दहेज सामग्री
- ₹15,000 समारोह व्यय हेतु
प्रदान किए जाते हैं।
जनप्रतिनिधियों ने दी नवदंपतियों को शुभकामनाएं
समारोह सुबह आरंभ होकर शाम तक चला। मंचासीन जनप्रतिनिधियों ने सभी नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी अनिल यादव, खंड विकास अधिकारी मवाना सतीश कुमार, खंड विकास अधिकारी हस्तिनापुर अंबरीश कुमार, प्रधान संगठन से राहुल मान सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हस्तिनापुर ब्लॉक प्रमुख ने अपने संबोधन में कहा कि वर्ष 2017 में प्रदेश की कमान संभालने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई यह योजना निर्धन परिवारों के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही है और बेटियों के सम्मानजनक विवाह में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
