मवाना खुर्द फ्लाईओवर के नीचे युवती का शव मिलने से सनसनी, चेहरा तेजाब से जला — पुलिस जांच में जुटी
मवाना खुर्द फ्लाईओवर के नीचे युवती का शव मिलने से सनसनी
Mawana News | मेरठ जनपद के मवाना थाना क्षेत्र की मवाना खुर्द पुलिस चौकी के पास शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब फ्लाईओवर के नीचे एक खेत की बॉडंडरी के के अंदर एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। युवती का चेहरा तेजाब से जला हुआ होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। शव की स्थिति देखकर पुलिस ने इसे लगभग तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार, छोटा मवाना फ्लाईओवर के पास से तेज दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों को संदेह हुआ। जब आसपास के लोगों ने मौके पर जाकर देखा तो वहां एक युवती का शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लापता युवतियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है ताकि शव की पहचान की जा सके। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) पंकज लवानिया ने बताया कि युवती की मृत्यु के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा करने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है।