Mawana News: मवाना में अतिक्रमण अभियान के दौरान दिखी दोहरी व्यवस्था, थाने से शुरू हुई कार्रवाई पर उठे सवाल
मवाना में अतिक्रमण अभियान के दौरान दिखी दोहरी व्यवस्था
Mawana News: मवाना नगर पालिका ने शुक्रवार को नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। दोपहर करीब एक बजे मवाना थाने से शुरू हुए इस अभियान के दौरान उस समय विवाद की स्थिति बन गई, जब अतिक्रमण हटाने आई टीम के सामने ही एक पुलिस वाहन अतिक्रमण की स्थिति में खड़ा मिला। इस दृश्य को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में कार्रवाई की निष्पक्षता को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
बताया गया कि मौके पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने अतिक्रमण कर खड़े वाहन का चालान करने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन इसी दौरान एक अन्य पुलिसकर्मी ने हस्तक्षेप करते हुए बताया कि संबंधित वाहन उसी का है। इसके बाद बिना किसी कार्रवाई के वाहन को छोड़ दिया गया। यह घटना देखकर स्थानीय लोगों ने दोहरी व्यवस्था का आरोप लगाया।
अभियान के दौरान यह भी सामने आया कि मवाना थाने के चारों ओर लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या बनी हुई है। थाने के पास स्थित अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों द्वारा अपने वाहन आसपास ही खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क पर यातायात बाधित होता है और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि थाने के आसपास अतिक्रमण की समस्या वर्षों पुरानी है, लेकिन अब तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। जब भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलता है, तो शुरुआत में ही इस तरह की घटनाएं सामने आ जाती हैं, जिससे अभियान की गंभीरता पर सवाल खड़े हो जाते हैं।
इस अतिक्रमण अभियान में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार जैन, नगर पालिका के कर्मचारी और मवाना थाने की पुलिस टीम मौजूद रही। नगर पालिका अधिकारियों ने कहा कि नगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा। हालांकि, अभियान की शुरुआत में सामने आई घटना को लेकर नगर में दिनभर चर्चाओं का दौर चलता रहा।