मवाना में महिला से दुष्कर्म का मामला: आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, पुलिस की पकड़ से बाहर
मेरठ। मवाना थाना क्षेत्र में कूड़ा डालने गई महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता) अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने मायके आई हुई थी। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे वह जंगल में कूड़ा डालने गई थी, तभी गांव निवासी युवक ने उसे ईख के खेत में खींच लिया और दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी जातिसूचक शब्द कहते और धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी अभी तक फरार है और उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
