बहसूमा। बहसूमा कस्बे में स्थित श्री मनफूल सिंह कन्या इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्राओं के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन भावुक एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती भावना चौधरी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत छात्राओं ने धार्मिक गीतों पर मनमोहक नृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्रीमती भावना चौधरी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब बच्चे पढ़ाई पूरी कर स्कूल से विदा होते हैं तो विद्यालय परिवार को अपार भावनात्मक जुड़ाव महसूस होता है। उन्होंने छात्राओं से आगे भी शिक्षा को जारी रखते हुए देश सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जब विद्यार्थी नए संस्थानों में आगे की पढ़ाई के लिए जाते हैं, तब उन्हें अपने पुराने विद्यालय की यादें हमेशा प्रेरणा देती हैं।
कॉलेज प्रबंधन की ओर से छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधक ब्रह्मचारी सिंह, प्रधानाचार्या श्रीमती भावना चौधरी, श्रीमती रीता मित्तल, पूजा मित्तल, कुमारी स्नेहा, कुमारी वैशाली, कुमारी मानसी, श्रीमती सीमा, अमित कुमार, परविंदर लांबा, अर्जुन देशवाल सहित अन्य अध्यापक एवं अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं।
