मखदुमपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मखदुमपुर में आयोजित ऐतिहासिक और पौराणिक गंगा स्नान मेले का शुभारंभ हस्तिनापुर विधायक एवं जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने नारियल फोड़कर और रिबन काटकर किया। शुभारंभ के उपरांत आचार्य हरिओम शर्मा के वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन और गंगा आरती संपन्न हुई। आरती के दौरान पूरा वातावरण “हर हर गंगे” और “गंगे मां तेरी जय हो” के जयकारों से गूंज उठा।
इस पवित्र अवसर पर मंत्री दिनेश खटीक ने मां गंगा से सभी क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा का यह दिव्य स्नान पर्व न केवल श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह हमारी भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम है। उन्होंने श्रद्धालुओं से स्वच्छता और गंगा संरक्षण का संदेश देने की अपील भी की।
सुबह से ही गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। लोगों ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और हवन, पूजा-अर्चना कर अपने परिवार के मंगल की कामना की। घाटों पर भक्ति संगीत और आरती के स्वर गूंजते रहे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया।
इस अवसर पर ज़िला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष विमल शर्मा, हस्तिनापुर प्रमुख नितिन पोसवाल, मवाना प्रमुख योगेश प्रधान, गन्ना समिति चेयरमैन विनोद भाटी, जिला महामंत्री समीर चौहान, मेरठ जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह, मेरठ एसएसपी विपिन ताड़ा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख देवेंद्र गुर्जर, जिला पंचायत सदस्य ऋषि त्यागी, गोपाल प्रधान, अमित कसाना, अनिकेत भारद्वाज, अजीत प्रताप सिंह, प्रताप लोइया, विनेश कुमार, सुनील अक्खेपुर, विकास उपाध्याय, अरुण मसूरी, विश्वास चौधरी, अजीत चौधरी, मुनेंद्र प्रधान और विवेक शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, प्रधानगण, बीडीसी सदस्य, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रशासन ने मेले में सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतज़ाम किए। पुलिस बल, स्वयंसेवक और स्वास्थ्य टीम पूरी सतर्कता के साथ मौजूद रही। नगर पंचायत की ओर से साफ-सफाई, पेयजल और रोशनी की विशेष व्यवस्था की गई।
गंगा आरती के दौरान दीप प्रवाह का दृश्य अत्यंत मनमोहक रहा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रवाहित करते हुए माता गंगा से प्रदेश और देश की समृद्धि की कामना की।
कार्तिक पूर्णिमा का यह पर्व न केवल धार्मिक महत्व रखता है, बल्कि सामाजिक एकता और लोक संस्कृति के जीवंत उत्सव का प्रतीक भी है। श्रद्धालुओं ने इसे श्रद्धा, भक्ति और एकता के साथ मनाया।
— न्यूज़ हाइवे संवाददाता, मखदुमपुर
