बहसूमा (मेरठ)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर रामराज क्षेत्र के सैफपुर फिरोजपुर स्थित प्राचीन सिद्धपीठ महादेव मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग गईं और पूरा मंदिर परिसर ‘बम-बम भोले’, ‘ओम नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। महिला और पुरुष श्रद्धालु घंटों लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
हजारों की संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने शिवलिंग पर गंगाजल, बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध, दही, शहद, चंदन, नारियल, फल-फूल, मेवा, मिष्ठान और अक्षत अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। वहीं मंदिर परिसर में लगे मेले में श्रद्धालुओं ने खरीदारी कर धार्मिक उत्सव का आनंद लिया।
