🎓 किंडर गार्डन ग्रेजुएशन सेरेमनी में दिखा नन्हों का टैलेंट, तालियों से गूंजा पूरा हाल
किंडर गार्डन ग्रेजुएशन सेरेमनी में दिखा नन्हों का टैलेंट
बहसूमा, संवाददाता। दशमेश पब्लिक स्कूल, रामराज में किंडर गार्डन के नन्हे-मुन्ने बच्चों के लिए भव्य ग्रेजुएशन सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस खास मौके पर बच्चों को ग्रेजुएशन कैप, गाउन और सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक जसवंत सिंह सहोता, डायरेक्टर डॉ. सिम्मी सहोता एवं प्रधानाचार्य आमिर खान द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जैसे ही बच्चे ग्रेजुएशन ड्रेस में मंच पर पहुंचे, पूरा हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह के दौरान बच्चों ने कविता पाठ, मनमोहक नृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का दिल जीत लिया। अभिभावकों ने भी बच्चों के प्रदर्शन की जमकर सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. सिम्मी सहोता ने कहा कि यह दिन बच्चों के जीवन का एक यादगार पल होता है, जो उनकी शिक्षा यात्रा की मजबूत नींव रखता है और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की कोऑर्डिनेटर स्वाति अरोड़ा, मनजीत कौर, हरप्रीत कौर, प्रभजोत कौर, अमृतपाल कौर, रीटा छाबड़ा, शालू राठी, प्रिया चौहान सहित समस्त स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।