कर्मवीर सिंह गूमी बने मेरठ के नए सपा जिलाध्यक्ष, 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज़
समाजवादी पार्टी
मेरठ, संवाददाता।
समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की स्वीकृति से ग्राम गूमी गगोल निवासी कर्मवीर सिंह गूमी को मेरठ जिले का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है।
अधिकारियों के अनुसार, नए जिलाध्यक्ष से अपेक्षा की गई है कि वे पार्टी के संविधान के अनुसार जिला कमेटी बनाकर प्रदेश कार्यालय को भेजें।
बताया जा रहा है कि इससे पहले विपिन चौधरी इस पद पर थे, लेकिन वे जिले के पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं से तालमेल नहीं बैठा पाए थे। साथ ही अपनी बेबाक बयानबाजी के कारण विपिन कई बार चर्चाओं में रहे।
सपा मुखिया ने यह निर्णय 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए लिया है। मेरठ जिले की कमान अब गूर्जर बिरादरी के कर्मवीर गूमी को सौंपी गई है।
कर्मवीर गूमी का कहना है कि वे सभी को साथ लेकर संगठन का विस्तार करेंगे और पार्टी को मजबूत करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे।
