सर्वर डाउन होने से इंडियन गैस वितरण पूरी तरह ठप, एजेंसी पर सुबह से लगी उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें
एजेंसी पर सुबह से लगी उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें
बहसूमा। कस्बा बहसूमा में इंडियन गैस की सप्लाई बाधित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो से तीन दिनों से गैस वितरण सही तरीके से नहीं हो पा रहा है, जिसके चलते एजेंसी पर सुबह से ही लोगों की लंबी-लंबी लाइनें लग रही हैं। घंटों इंतजार करने के बावजूद कई उपभोक्ताओं का नंबर नहीं आ पा रहा, जिससे लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
गैस नहीं मिलने की वजह से सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं को उठानी पड़ रही है। कई घरों में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा है, जिससे परिवारों को भोजन बनाने में कठिनाई हो रही है। कुछ परिवारों को मजबूरन वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है, जबकि कई लोग बिना भोजन के ही दिन गुजारने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि वे सुबह से लाइन में खड़े रहते हैं, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण गैस वितरण नहीं हो पा रहा।
एजेंसी पर बढ़ती भीड़ के चलते अव्यवस्था की स्थिति भी देखने को मिल रही है। लोग जल्द से जल्द गैस मिलने की उम्मीद में एजेंसी के बाहर घंटों इंतजार कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों से इस समस्या का जल्द समाधान कराने की मांग की है, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
इस संबंध में इंडियन गैस एजेंसी के मालिक अनिल कुमार ने बताया कि सर्वर डाउन होने की वजह से गैस वितरण में दिक्कत आ रही है। तकनीकी समस्या को ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सर्वर ठीक होते ही गैस वितरण सामान्य कर दिया जाएगा और सभी उपभोक्ताओं को जल्द गैस उपलब्ध करा दी जाएगी।