हस्तिनापुर: हस्तिनापुर-गणेशपुर मार्ग पर स्थित एक होटल में बुधवार को बहसूमा और हस्तिनापुर थानों की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। पुलिस टीम के अचानक पहुंचने से होटल परिसर में हड़कंप मच गया, वहीं आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
संयुक्त पुलिस टीम ने होटल के सभी कमरों, परिसर और संबंधित दस्तावेजों की गहनता से जांच की। इस दौरान होटल के रजिस्टरों को भी खंगाला गया और होटल में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मामले को लेकर जब बहसूमा थाना प्रभारी शशांक द्विवेदी से बात की गई तो उन्होंने इस कार्रवाई को ‘रूटीन चेकिंग’ बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई है।
थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि भविष्य में भी होटलों, ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर इसी तरह की नियमित जांच जारी रहेगी। यदि कोई होटल संचालक अवैध या संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
