हस्तिनापुर के खरकाली खानपुर गढ़ी में कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के जलशक्ति राज्य मंत्री और हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक ने किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की पावन धारा में दूध विसर्जन कर सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की गई।
हस्तिनापुर (मेरठ)। कार्तिक पूर्णिमा का पावन पर्व गंगा स्नान मेला करोड़ों सनातन श्रद्धालुओं की मां गंगा के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। इसी कड़ी में हस्तिनापुर के खरकाली खानपुर गढ़ी में आयोजित ऐतिहासिक गंगा मेले का शुभारंभ उत्तर प्रदेश के जलशक्ति राज्य मंत्री और हस्तिनापुर विधायक दिनेश खटीक ने रिबन काटकर किया।
शुभारंभ के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंत्री दिनेश खटीक ने मां गंगा की पावन धारा में दूध विसर्जन कर समस्त जनमानस के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस अवसर पर मनोज धामा द्वारा स्वर्गीय संजीव प्रधान की स्मृति में प्रतीक चिन्ह भेंट कर मंत्री का सम्मान किया गया, जिसके लिए मंत्री ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में हस्तिनापुर ब्लॉक प्रमुख नितिन पोसवाल, मवाना ब्लॉक प्रमुख योगेश प्रधान, जिला पंचायत सदस्य विनेश, जिला पंचायत सदस्य विकास उपाध्याय, गन्ना समिति चेयरमैन वीरेन्द्र भाटी, पराग चेयरमैन बलराज, शिव सदन गुरुद्वारा अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह, नितिन खटीक, शक्ति सिंह, नरेंद्र प्रधान सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
गंगा घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। हर-हर गंगे, जय गंगे माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।

