हस्तिनापुर। उत्तराखंड प्रदेश सरकार के कुंजा बहादुरपुर स्थित पीएम श्री शहीद राजा विजय सिंह राजकीय इंटर कॉलेज के लगभग 180 छात्र-छात्राओं का एक इंटर स्टेट शैक्षिक भ्रमण हस्तिनापुर में कराया गया। यह भ्रमण विद्यालय के शिक्षक कुलदीप कसाना एवं उनके अध्यापक साथियों के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों के बौद्धिक स्तर को बढ़ाना तथा उन्हें भारत के इतिहास, संस्कृति और प्राचीन विरासत से परिचित कराना रहा।
शैक्षिक भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं ने पांडेश्वर मंदिर, जयंती माता शक्तिपीठ, पांडव टीला, अमृत कूप, जम्मू दीप, अष्टापद और कैलाश पर्वत सहित ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों का अवलोकन किया। इस अवसर पर शिक्षाविद् सुनील पोसवाल ने विद्यार्थियों को हस्तिनापुर के गौरवशाली इतिहास की विस्तृत जानकारी दी।
शिक्षाविद् सुनील पोसवाल ने बताया कि महाभारत कालीन हस्तिनापुर नगरी प्राचीन भारत की राजधानी होने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र रही है। उन्होंने कहा कि हस्तिनापुर का कण-कण ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहा है। यहां भगवान श्रीकृष्ण की कर्मस्थली, मां गंगा का भीष्म पितामह से मिलने आना, दानवीर कर्ण का दान और गुरु द्रोणाचार्य द्वारा शिक्षा प्रदान करने जैसे अनेक प्रसंग जनश्रुतियों और ग्रंथों में वर्णित हैं।
रुड़की से आए शिक्षक कुलदीप कसाना ने बताया कि उन्होंने न्यूज़ हाईवे में प्रकाशित शिक्षाविद् सुनील पोसवाल की हस्तिनापुर के इतिहास को समेटे कविताएं पढ़ीं, जिससे उन्हें छात्रों को हस्तिनापुर भ्रमण कराने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से विद्यार्थियों को इतिहास को किताबों से बाहर निकलकर प्रत्यक्ष रूप से देखने और समझने का अवसर मिला।
इस अवसर पर रामकुमार, आशीष भट्ट, कृष्णानंद बहुगुणा, विनीत सिंह, वर्षा जैन, पंकज कुमार, समीर त्यागी सहित विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। शैक्षिक भ्रमण को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

