हस्तिनापुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन, मंत्री दिनेश खटीक ने किया शुभारंभ

हस्तिनापुर। भारत रत्न, लौह पुरुष और देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के जन्म वर्ष के उपलक्ष में पूरे देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर तिरंगा यात्राएँ आयोजित की जा रही हैं। इसी श्रृंखला में शुक्रवार को महाभारत कालीन ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर में स्थित राजकीय डिग्री कॉलेज से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष शिवकुमार राणा ने की, जबकि यात्रा को उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


तिरंगा यात्रा कॉलेज से शुरू होकर भगवान श्रीकृष्ण के रथ वाले द्वार से होते हुए गणेशपुर शिव चौक पहुँची। यहां राजवीर त्यागी, विजय त्यागी, प्रदीप त्यागी और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। आगे बढ़ते हुए मवाना गंग नहर पर निपुण चौहान, मधुर कौशिक और उनकी टीम ने भव्य स्वागत किया। झारखंडी मंदिर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का सम्मान किया।


यात्रा में शामिल लोगों ने “मां भारती” के सम्मान में देशभक्ति गीतों पर झूमते हुए माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मवाना तहसील ग्राउंड पहुंची, जहां नगर अध्यक्ष सचिन कौशिक और भाजपा संगठन ने गर्मजोशी से स्वागत किया।


समापन अवसर पर मंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि सरदार पटेल ने देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर राष्ट्र निर्माण का महान कार्य किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाए जा रहे “एक भारत श्रेष्ठ भारत” अभियान को सरदार पटेल के सपनों को साकार करने का प्रयास बताया।


भाजपा जिला मंत्री और शिक्षाविद सुनील पोसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में देश-प्रदेश ने विकास और सांस्कृतिक सम्मान के नए आयाम स्थापित किए हैं। इसी का परिणाम है कि आज देश का जन-जन सनातन संस्कृति के रंग में रंगा दिखाई देता है।


कार्यक्रम में यात्रा संयोजक सोनू त्यागी, जिला महामंत्री समीर चौहान, गन्ना समिति अध्यक्ष विनोद भाटी, ब्लॉक प्रमुख ब्रह्म सिंह गुर्जर, नितिन पोसवाल, अखिल कौशिक, विनोद चाहल सहित सैकड़ों गणमान्य व्यक्ति और युवा उपस्थित रहे। इसके अलावा नरेश वाला खटीक, जिला उपाध्यक्ष नीरज गोयल, मंडल अध्यक्ष सचिन कौशिक, अमित शर्मा, सोमवीर गुर्जर, राजीव चौधरी, रकम सिंह प्रधान, रघुराज सिंह डायरेक्टर, संदीप पहलवान, जॉनी, महावीर गुर्जर और अन्य सामाजिक कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।