हरिद्वार में गैंगस्टर विनय त्यागी पर जानलेवा हमला, पेशी के दौरान चली गोलियां, दो सिपाही भी घायल
हरिद्वार विनय त्यागी हमला
हरिद्वार। यूपी–उत्तराखंड के कुख्यात गैंगस्टर विनय त्यागी पर हरिद्वार में जानलेवा हमला हुआ है। जानकारी के अनुसार, विनय त्यागी को जेल से पेशी पर ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उस पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फायरिंग के दौरान विनय त्यागी को दो गोलियां लगने की खबर है। इसके साथ ही घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस टीम ने घायल विनय त्यागी और सिपाहियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी है और हमलावरों की तलाश में चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। अधिकारी मामले की जांच में जुट गए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमले के पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसकी साजिश कहां रची गई।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।