वाराणसी/मेरठ। फिल्म अभिनेत्री गरिमा अग्रवाल ने अपनी वेब सीरीज़ नारी शक्ति की वाराणसी में शूटिंग पूर्ण करने के बाद पवित्र काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उनके साथ वाराणसी के डीएसपी नितिन तनेजा और उनके परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे।
अभिनेत्री ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में माथा टेककर अपने गृह जनपद मेरठ के सभी निवासियों की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि काशी में शूटिंग का अनुभव आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देने वाला रहा।
हिंदुस्तानी नारी के संघर्ष पर आधारित है सीरीज़
सीरीज़ “नारी शक्ति” हिंदुस्तानी नारी के संघर्षपूर्ण जीवन, आत्मसम्मान और सामाजिक चुनौतियों पर आधारित है। इसका निर्देशन योगेश ओझा ने किया है, जबकि निर्माण की जिम्मेदारी दिलीप सोनकर ने निभाई है।
निर्देशक योगेश ओझा के अनुसार, यह सीरीज़ महिलाओं की वास्तविक जीवन स्थितियों को संवेदनशील और प्रेरक तरीके से दर्शकों के सामने लाएगी। वहीं प्रोड्यूसर दिलीप सोनकर ने बताया कि वाराणसी के ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों पर शूटिंग से सीरीज़ को अलग पहचान मिलेगी।
मेरठ के लिए की विशेष प्रार्थना
गरिमा अग्रवाल ने कहा कि मेरठ उनका अपना शहर है और वहां के लोगों का स्नेह उन्हें हमेशा प्रेरित करता है। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना की कि शहर निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़े और सभी नागरिक स्वस्थ एवं खुशहाल रहें।
