News Highway

खबरों का Digital अड्डा

दीवार गिरने से राजमिस्त्री की दर्दनाक मौत, घायल मिस्त्रियों का उपचार जारी, परिजनों ने थाने में लगाया हंगामा

रामराज में निर्माणाधीन प्लॉट पर दीवार गिरने से राजमिस्त्री रोहित की मौत

रामराज में निर्माणाधीन प्लॉट पर दीवार गिरने से राजमिस्त्री रोहित की मौत

रामराज। कस्बा रामराज में गुरुवार को निर्माणाधीन प्लॉट पर बड़ा हादसा हो गया, जहां दीवार गिरने से 28 वर्षीय राजमिस्त्री रोहित पुत्र वीर सिंह की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक रोहित पेशे से राजमिस्त्री था और घटना के समय अमित गुप्ता के प्लॉट पर दीवार का प्लास्टर कर रहा था। उसके साथ तीन अन्य मिस्त्री भी कार्यरत थे।

ट्रैक्टर की साइड लगने से गिरी दीवार, मौके पर हुई मौत

जानकारी के अनुसार प्लॉट मालिक अमित गुप्ता प्लॉट पर ट्रैक्टर से मिट्टी समतल करा रहे थे, तभी ट्रैक्टर के साइड लगने से दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार सीधे रोहित पर आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

दो मिस्त्री गंभीर रूप से घायल

हादसे में अन्य मिस्त्रियों को भी चोटें आईं

  • विनोद पुत्र कमल सिंह को गंभीर चोटें
  • अभिषेक पुत्र कंवरपाल भी घायल, हॉस्पिटल में भर्ती

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी फैल गई। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

परिजनों में कोहराम, थाने में जमकर हंगामा

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजन रोहित का शव लेकर थाने पहुंचे और कड़ी कार्रवाई व न्याय की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस ने स्थिति को शांत करते हुए जांच का आश्वासन दिया और कहा कि घटना के हर पहलू की जांच की जाएगी।