News Highway

खबरों का Digital अड्डा

डी मॉनफोर्ट अकादमी में भव्य स्पोर्ट्स मीट का आयोजन, छात्रों ने दिखाया शानदार खेल कौशल

बहसूमा। डी मॉनफोर्ट अकादमी में वार्षिक स्पोर्ट्स मीट का आयोजन बड़े ही उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों के स्वागत, तिलक एवं माल्यार्पण के साथ की गई। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ किया गया।

स्पोर्ट्स मीट के दौरान आकर्षक मार्च पास्ट, मशाल प्रज्वलन, खेल शपथ, स्पोर्ट्स ड्रिल डांस तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अनुशासन, ऊर्जा और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया। खेल मैदान में छात्रों का जोश और उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. समीर वर्मा ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। वहीं विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने अपने संबोधन में खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बताते हुए विद्यार्थियों को निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के निर्देशक डॉ. के. के. शर्मा ने कहा कि खेलकूद कार्यक्रम बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का कार्य करते हैं और उन्होंने सभी विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की। उप प्रधानाचार्या श्रीमती रितु चिकारा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

कार्यक्रम में शिक्षकों एवं अभिभावकों की उपस्थिति भी सराहनीय रही। स्पोर्ट्स मीट के समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *