डी मॉनफोर अकादमी में 76वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया

डी मॉनफोर अकादमी में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया, ‘आज के बच्चे, कल का भारत’ बना कार्यक्रम का केंद्र

बहसूमा। बहसूमा स्थित डी मॉनफोर अकादमी में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर “आज के बच्चे, कल का भारत : राष्ट्रप्रेम की नई पीढ़ी” विषय पर भव्य, प्रेरणादायक एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर पूरे दिन देशभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आया, वहीं विद्यार्थियों का उत्साह और रचनात्मकता देखते ही बनती थी।

कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसमें गणतंत्र दिवस के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने प्रभावशाली भाषणों के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और नागरिक कर्तव्यों पर अपने विचार व्यक्त किए, जिन्हें सुनकर उपस्थित अभिभावक और शिक्षक भावविभोर हो उठे।

इसके बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपने हाथों से तिरंगे हेडबैंड बनाए, हैंड पेंटिंग के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावनाओं को रंगों में उकेरा तथा देशभक्ति से जुड़े प्रेरणादायक स्लोगन लिखे। किंडरगार्डन के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भारत माता और सैनिक के रूप में सजे मनमोहक रूप में मंच पर प्रस्तुति दी, जिसने सभी का दिल जीत लिया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक डॉ. समीर वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के जिम्मेदार नागरिक हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। विद्यालय की निर्देशिका डॉ. गरिमा वर्मा ने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विद्यालय के निदेशक डॉ. के.के. शर्मा ने शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों के महत्व पर विशेष जोर दिया।

उप-प्रधानाचार्या श्रीमती रितु चिकारा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं, क्योंकि इससे उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित होती है।

कार्यक्रम का समापन देशभक्ति के संदेश के साथ हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ, बल्कि उनके भीतर राष्ट्रप्रेम, आत्मविश्वास और सृजनात्मक सोच को भी सशक्त करने वाला रहा।

Web Title: 77th Republic Day celebrated with patriotism at Demontfort Academy Bahsuma, students showcased speeches, paintings and cultural activities.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *