छोटा मवाना–किला परीक्षितगढ़ सड़क चौड़ीकरण को मंजूरी

🔴 छोटा मवाना–किला परीक्षितगढ़ मार्ग चौड़ीकरण को हरी झंडी, 15.58 करोड़ स्वीकृत से 9 किमी सड़क बनेगी मजबूत

मवाना। मवाना क्षेत्र के लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। छोटा मवाना से किला परीक्षितगढ़ तक मार्ग चौड़ीकरण की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। हस्तिनापुर विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री दिनेश खटीक के प्रयासों से शासन ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना के तहत करीब 9 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 15 करोड़ 58 लाख 46 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

यह मार्ग विधानसभा हस्तिनापुर के छोटा मवाना से प्रारंभ होकर अटोला, सांधन, शहजादपुर, रामपुर श्यामपुर होते हुए खजूरी किला रोड तक (रजवाहे की पटरी) तक जाएगा। यह सड़क रजवाहे की पटरी पर स्थित है, जिसे वर्तमान में तीन मीटर से बढ़ाकर साढ़े पांच मीटर चौड़ा किया जाएगा। चौड़ीकरण के साथ-साथ सड़क को मजबूत और टिकाऊ बनाने का भी कार्य किया जाएगा।

मार्ग के सुदृढ़ीकरण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा, कृषि कार्यों में तेजी और आपातकालीन सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी। साथ ही स्थानीय संपर्क मार्ग मजबूत होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।

फोन पर बातचीत में राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने बताया कि पिछले नौ वर्षों में हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र में रिकॉर्ड संख्या में सड़कें बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हस्तिनापुर को चांदपुर से जोड़ने वाला गंगा पुल, राजकीय डिग्री कॉलेज, तथा कई बिजलीघरों का निर्माण कराया गया, जिससे क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिली है।

सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग वर्षों से जर्जर अवस्था में था, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। अब सड़क बनने से यात्रा सुरक्षित, तेज और सुगम होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *