भाकियू संघर्ष मोर्चा की बढ़ती लोकप्रियता: बहादुरपुर हुसैनपुर की सभा में दर्जनों लोगों ने थामा संगठन का दामन
बहादुरपुर हुसैनपुर की सभा में दर्जनों लोगों ने थामा संगठन का दामन
बहसूमा। भारतीय किसान यूनियन संघर्ष मोर्चा की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है, जिसका असर गांवों में साफ दिखाई देने लगा है। रामराज क्षेत्र के गांव बहादुरपुर हुसैनपुर में आयोजित एक महत्वपूर्ण सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने संगठन का दामन थामा। यह सभा ठाकुर सतपाल सिंह के आवास पर युवा जिला अध्यक्ष मुजफ्फरनगर विपिन गुर्जर के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें संगठन के शीर्ष पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
सभा में राष्ट्रीय संगठन मंत्री सनी चौधरी और प्रदेश प्रभारी ज्ञानेंद्र मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सभा को संबोधित करते हुए सनी चौधरी ने कहा कि देश में बढ़ते भ्रष्टाचार ने किसानों और आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि भूमाफिया किसानों की जमीनों पर जबरन कब्जे करने में लगे हुए हैं, जबकि किसान तहसील और राजस्व विभाग के चक्कर लगाकर थक चुके हैं, पर उनकी जमीनें अब तक कब्जा मुक्त नहीं कराई गई हैं।
राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि संघर्ष मोर्चा ऐसे सभी किसानों की लड़ाई लड़ने का काम करेगा और भूमाफियाओं द्वारा कब्जाई गई जमीन को हर हाल में मुक्त कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर जल्द ही जिले में बड़े आंदोलन की घोषणा की जाएगी, जिससे किसानों को न्याय दिलाने का मार्ग प्रशस्त हो सके।
वहीं प्रदेश प्रभारी ज्ञानेंद्र चौधरी ने कहा कि जिले में किसी भी किसान या मजदूर का शोषण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संघर्ष मोर्चा खेत–खलिहान से जुड़ी सभी समस्याओं पर किसानों के साथ खड़ा है और उनकी आवाज को सरकार तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा।
सभा के बाद संगठन को और मजबूत करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने ठाकुर सतपाल सिंह को युवा जिला संगठन मंत्री के पद पर नियुक्त किया। इसके साथ ही दर्जनों लोगों को संगठन की सदस्यता दिलाई गई, जिससे क्षेत्र में संघर्ष मोर्चा की पकड़ और मजबूत होती दिखाई दे रही है।
कार्यक्रम में मंडल प्रभारी मेरठ गौरव चौधरी, युवा तहसील अध्यक्ष भूरा गुर्जर, जिला प्रभारी मेरठ आदेश गुर्जर, युवा ब्लॉक अध्यक्ष शुभम गुर्जर, ब्लॉक सचिव चौधरी विजेंद्र सिंह, जिला सचिव विपिन अहलावत सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।