भद्रकाली सिद्धपीठ माघ मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, एसपी देहात व अधिकारियों ने किया सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण
भद्रकाली सिद्धपीठ माघ मेला सुरक्षा निरीक्षण हस्तिनापुर
हस्तिनापुर क्षेत्र के अकबरपुर इच्छाबाद के समीप मध्य गंग नहर के किनारे स्थित प्रसिद्ध भद्रकाली सिद्धपीठ मंदिर में माघ माह के दौरान लगने वाले मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रहा है। माघ महीने में प्रत्येक सोमवार को देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु माता भद्रकाली के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं, जिसको देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में एसपी देहात अभिजीत, एसडीएम संतोष कुमार एवं सीओ पंकज लवानिया ने मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंदिर परिसर सहित आसपास की सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एसपी देहात ने मंदिर के प्रवेश व निकास द्वार, सीसीटीवी कैमरों की स्थिति, बैरिकेडिंग, पुलिस बल की तैनाती और यातायात व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी देहात अभिजीत ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों से संवाद कर उनकी ड्यूटी संबंधी जानकारी ली और उन्हें पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने भीड़ नियंत्रण, खोया-पाया केंद्र, महिला सुरक्षा और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान मंदिर प्रबंधन समिति से भी बातचीत की गई। एसपी देहात ने समिति के पदाधिकारियों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली गई।
वहीं, एसडीएम संतोष कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि प्रशासन और पुलिस का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी परेशानी के माता भद्रकाली के दर्शन कर सकें।