गणतंत्र दिवस 2026 पर बेटियाँ फाउंडेशन की अध्यक्ष अंजू पाण्डेय सम्मानित | Meerut News
Betiyan Foundation News
Meerut News | गणतंत्र दिवस समारोह 2026 के अवसर पर सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए बेटियाँ फाउंडेशन की अध्यक्ष अंजू पाण्डेय को सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें काउंसलर परिवार परामर्श केंद्र, मेरठ के माध्यम से समाज सेवा में उल्लेखनीय भूमिका निभाने के लिए प्रदान किया गया।
पुलिस लाइन मेरठ में आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान पुलिस उपमहानिरीक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ, जिलाधिकारी मेरठ एवं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य जल शक्ति मंत्री श्री दिनेश खटीक द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने अंजू पाण्डेय के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान महिलाओं, परिवारों और जरूरतमंदों के लिए प्रेरणास्रोत है।
सम्मान प्राप्त होने पर बेटियाँ फाउंडेशन परिवार ने गर्व व्यक्त किया और इसे संस्था की पूरी टीम की मेहनत का परिणाम बताया। संस्था की ओर से परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी एवं प्रशासन का आभार प्रकट किया गया, जिनके सहयोग से यह सेवा कार्य निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर संस्था की एरिया समन्वयक बबीता कटारिया तथा राष्ट्रीय महिला आयोग के ‘तेरे मेरे सपने’ केंद्र की काउंसलर कुसुम शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सभी ने अंजू पाण्डेय को बधाई देते हुए भविष्य में भी समाज सेवा के क्षेत्र में इसी तरह कार्य करते रहने की शुभकामनाएं दीं।
यह सम्मान न केवल अंजू पाण्डेय की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि बेटियाँ फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे सामाजिक और महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों की भी सशक्त पहचान है।