खरखौदा, मेरठ। बेटियां फाउंडेशन द्वारा जनता इंटर कॉलेज, खरखौदा (मेरठ) के परिसर में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के “तेरे मेरे सपने – विवाह पूर्व संवाद केंद्र” के अंतर्गत युवा प्रतिभा सम्मान समारोह एवं जेंडर सेंसटाइजेशन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में लैंगिक समानता, आपसी सम्मान और संवेदनशील सोच को विकसित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री सुनील कुमार शर्मा ने की। कॉलेज प्रबंधक श्री सत्य प्रकाश शर्मा एवं उप प्रबंधक श्री आर.पी. चौधरी ने बेटियां फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए आवश्यक बताया। समिति के कोषाध्यक्ष श्री धर्मपाल शर्मा ने इसे आज के समय की जरूरत बताया, जबकि समिति सदस्य श्री अशोक धनोट एवं श्री जगत सिंह ने बेटियों की शिक्षा एवं उत्थान हेतु किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की। कार्यक्रम का संचालन श्री कद शुक्ला द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं अब्दुल अहद, कु. विधि, भारत मावी, कु. शिविका, कु. विन्नी, कु. झलक, कु. रिया खटाना एवं कु. खुशी को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन एवं सकारात्मक योगदान के लिए मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और प्रेरणा का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग – तेरे मेरे सपने की काउंसलर कुसुम शर्मा ने कहा कि कॉलेज में पढ़ने वाले लड़के–लड़कियों के बीच सम्मान, मर्यादा और सहमति सबसे आवश्यक है। उन्होंने समान अवसर, सकारात्मक मित्रता, जिम्मेदार व्यवहार और सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण पर विस्तार से प्रकाश डाला।
वहीं, काउंसलर मीनू बाना ने अपने संबोधन में कहा, “कॉलेज केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सोच और संस्कार गढ़ने का स्थान है। जब युवा लैंगिक समानता और सम्मान की भावना अपनाते हैं, तभी समाज सशक्त बनता है।”
बेटियां फाउंडेशन की अध्यक्ष अंजू पांडेय ने कहा कि जेंडर सेंसटाइजेशन एवं जेंडर इक्वालिटी कार्यशाला में सभी छात्र–छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही। उन्होंने विद्यार्थियों से भेदभाव, असंवेदनशील व्यवहार और गलत बातों पर चुप रहने की प्रवृत्ति से दूर रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा कॉलेज के प्रधानाचार्य, प्रबंधक एवं अध्यक्ष को उनके कुशल निर्देशन, प्रबंधन एवं नेतृत्व के लिए प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कॉलेज प्रधानाचार्य श्री गोपाल दत्त ने बेटियां फाउंडेशन एवं आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी छात्र–छात्राओं ने यह संकल्प लिया कि वे समानता, सम्मान और जिम्मेदारी के मूल्यों को अपने व्यवहार में अपनाएंगे तथा एक स्वस्थ कॉलेज और समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर डॉ. अपर्णा शर्मा, डॉ. निधि शर्मा, नीतू सिंह, राकेश शर्मा, सलेश चंद सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
👉 यह आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में एक सशक्त पहल साबित हुआ।
✍️ News Highway – समाज, शिक्षा और बदलाव की हर खबर।
