बरेली । उत्तर प्रदेश की राजनीति से एक दुखद खबर सामने आई है। फरीदपुर से भाजपा विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल का हार्ट अटैक से निधन हो गया। यह घटना उस समय हुई जब वह बरेली स्थित सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक में शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैठक के दौरान विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद अधिकारियों और स्टाफ ने तत्काल उन्हें मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर
भाजपा विधायक की अचानक मौत से राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा दुख देखा जा रहा है।
सीएम योगी ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि—
“डॉ. श्याम बिहारी लाल का असामयिक निधन अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
अनुभवी और सरल स्वभाव के नेता थे डॉ. श्याम बिहारी लाल
डॉ. श्याम बिहारी लाल को एक अनुभवी, सरल और जमीनी नेता के रूप में जाना जाता था। उनके निधन को फरीदपुर क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।
अंतिम संस्कार की जानकारी परिजनों द्वारा जल्द दी जाएगी।
