बहसूमा, मेरठ | बहसूमा व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को नगर पंचायत बहसूमा कार्यालय पहुँचा, जहाँ नगर की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर नगर पंचायत प्रशासन के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। बैठक का उद्देश्य सर्दियों के मौसम में आमजन और व्यापारियों को हो रही परेशानियों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करना रहा।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने विशेष रूप से नगर में अलाव की समुचित व्यवस्था, कान्हा गौशाला की अव्यवस्थाओं में सुधार तथा बढ़ती बंदरों की समस्या को गंभीरता से उठाया। प्रतिनिधि मंडल ने बंदरों को पकड़ने के लिए कर्मचारियों की तैनाती की मांग करते हुए कहा कि इन समस्याओं के कारण नगरवासियों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पदाधिकारियों ने यह भी अवगत कराया कि इन मुद्दों को लेकर व्यापार मंडल द्वारा 1 दिसंबर 2025 को नगर पंचायत को एक लिखित पत्र सौंपा गया था। उसी क्रम में सोमवार को पुनः नगर पंचायत से इन समस्याओं की प्रगति की जानकारी ली गई। विशेष रूप से कान्हा गौशाला से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने पर जोर दिया गया।
नगर पंचायत प्रशासन ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि कान्हा गौशाला सहित अन्य लंबित कार्यों को 16 दिसंबर 2025 से प्रारंभ कर दिया जाएगा। इस पर व्यापार मंडल ने संतोष व्यक्त करते हुए प्रशासन से सभी जनहितकारी कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने की अपेक्षा जताई।
इस अवसर पर प्रतिनिधि मंडल में अध्यक्ष आशीष सिघल, वरिष्ठ महामंत्री विपुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नवनीत महेश्वरी, विनीत गोयल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। अंत में व्यापार मंडल की ओर से नगर पंचायत प्रशासन का आभार व्यक्त किया गया।
— News Highway डिजिटल डेस्क
