News Highway

खबरों का Digital अड्डा

बहसूमा थाने में मनाया गया पुलिस झंडा दिवस, पुलिसकर्मियों को दिलाई कर्तव्य और जनसेवा की शपथ

बहसूमा। बहसूमा थाना परिसर में रविवार को पुलिस ध्वज दिवस (Police Flag Day) श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यवाहक थाना प्रभारी मोहम्मद उवैस खान ने पुलिस ध्वज का ध्वजारोहण कर सलामी दी और पुलिसकर्मियों को कर्तव्य, अनुशासन और जनसेवा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

अपने संबोधन में थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस ध्वज साहस, बलिदान, गौरवशाली इतिहास और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। यह ध्वज हर पुलिसकर्मी को गर्व से भरता है और उन्हें जिम्मेदारियों को निष्ठा के साथ निभाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कर्तव्य पथ पर सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस कर्मियों के त्याग से विभाग की परंपरा और अधिक मजबूत हुई है।

1952 से मनाया जा रहा है पुलिस झंडा दिवस

थाना प्रभारी मोहम्मद उवैस खान ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश पुलिस के अद्वितीय साहस और समर्पण को देखते हुए भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 23 नवंबर 1952 को सत्य और निष्ठा के प्रतीक लाल और नीले रंग का पुलिस ध्वज प्रदान किया था। इसी उपलक्ष्य में प्रत्येक वर्ष 23 नवंबर को पुलिस झंडा दिवस मनाया जाता है।

पुलिसकर्मियों ने ली शपथ

कार्यक्रम में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों ने कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनता की सेवा के प्रति शपथ ली। इस दौरान थाने के समस्त स्टाफ एवं अधिकारी उपस्थित रहे।