बहसूमा थाना में संविधान दिवस का आयोजन, प्रभारी निरीक्षक ने दिलाई संविधान और कानून पालन की शपथ

बहसूमा। बहसूमा थाना में बुधवार को संविधान दिवस समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह ने किया। इस दौरान उपस्थित पुलिसकर्मियों और अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और भारतीय संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प दोहराया।

समारोह की शुरुआत में सभी पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह ने पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की रीढ़ है, और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों व जवानों को संविधान और कानून की शपथ दिलाते हुए ईमानदारी, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और अधिकारों की संरक्षक है। इसलिए संवेदनशील, न्यायपूर्ण और व्यवहारिक पुलिसिंग ही लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। कार्यक्रम के दौरान सभी पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और समर्पण की भावना को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम में थाना परिसर का समूचा स्टाफ मौजूद रहा, जिनमें अधिकारियों से लेकर पुलिस जवान तक सभी ने संविधान दिवस पर राष्ट्र हित में अपने कर्तव्यों का निष्ठा के साथ निर्वहन करने का वचन दिया। पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में सम्पन्न हुआ।