बहसूमा (मेरठ)। बहसूमा थाना क्षेत्र में दुष्कर्म की शिकार किशोरी की चार दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। पीड़िता शुक्रवार देर शाम मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया, जबकि सीओ पंकज लवानिया मौके पर पहुंचकर पीड़ित स्वजन और ग्रामीणों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस के अनुसार, बहसूमा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुज सैनी (18) पुत्र ओमवीर ने 26 जनवरी की शाम खेत जाते समय लगभग 16 वर्षीय किशोरी को जबरन घर में खींचकर दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी को कीटनाशक पिला दिया और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद सूचना मिलने पर परिजन गंभीर हालत में किशोरी को मवाना के एक नर्सिंग होम ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार किशोरी तभी से वेंटीलेटर पर थी। तमाम प्रयासों के बावजूद शुक्रवार देर शाम उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सीओ पंकज लवानिया ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से बातचीत की तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा दिलाया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
