मेरठ | बहसूमा न्यूज़
बहसूमा थाना क्षेत्र के ग्राम रहावती में एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में महिलाओं समेत कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने दर्जनों लोगों पर संगठित हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित जयविन्द्र सिंह पुत्र विजयपाल सिंह के अनुसार, 2 फरवरी की रात करीब 10 से 11 बजे उनके घर के सामने स्थित रविदास मंदिर के पास कुछ युवक शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहे थे। जब जयविन्द्र सिंह ने उन्हें शांति बनाए रखने और घर जाने की सलाह दी, तो इसी बात को लेकर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया।
आरोप है कि सोनू, जोनी, अमित, सुमित, राहुल, सोबीर, बविंदर, अर्जुन, जितेंद्र, श्रवण, सावन, अनमोल, मिलन, आनंद, मोहित, सागर, प्रदीप, छोटू, विरज सहित अन्य लोग एकजुट होकर लाठी-डंडों के साथ जयविन्द्र सिंह और उनके परिजनों पर टूट पड़े। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
शोरगुल बढ़ने पर पीड़ित ने 112 और 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस के सायरन की आवाज सुनते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।
अगली सुबह दोबारा हमला, महिलाएं भी शामिल
पीड़ित के अनुसार, 3 फरवरी की सुबह करीब 8 बजे, जब वह कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा था, तभी आरोपियों की महिलाएं घर पर पहुंचीं और गाली-गलौज शुरू कर दी। कुछ ही देर में अन्य आरोपी भी लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ मौके पर पहुंच गए और दोबारा हमला कर दिया।
इस हमले में पीड़ित की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आईं। आरोपियों ने घर में तोड़फोड़ कर भारी नुकसान पहुंचाया और पूरे परिवार को गांव से बाहर निकालने की धमकी दी।
घटना मोबाइल में कैद, पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड है। उसने थाना बहसूमा में तहरीर देकर सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
