बहसूमा | क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से थाना बहसूमा पुलिस द्वारा शुक्रवार को सघन वाहन चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ विपिन ताड़ा एवं क्षेत्राधिकारी मवाना पंकज लवानिया के निर्देशन में थाना क्षेत्र व कस्बे के प्रमुख मार्गों पर संचालित किया गया।
अभियान का नेतृत्व कर रहीं थाना प्रभारी प्रतिभा सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनकी गहन जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) और बीमा दस्तावेजों की सख्ती से जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
पुलिसकर्मियों ने बिना हेलमेट, ओवरस्पीडिंग और लापरवाही से वाहन चलाने वालों को रोककर समझाया और सुरक्षित यातायात के महत्व के प्रति जागरूक किया। वहीं, ओवरलोड वाहनों के संचालकों को भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए। पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस की सक्रियता से कस्बे में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, वहीं अधिकांश वाहन चालक नियमों को लेकर सतर्क नजर आए। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस के इस कदम की सराहना करते हुए इसे जनहित और सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक बताया।
इस सघन वाहन चेकिंग अभियान में वरिष्ठ उप निरीक्षक ओवैस खान, कस्बा इंचार्ज राकेश कुमार, उप निरीक्षक सोनू चौधरी, उप निरीक्षक शुभम यादव, उप निरीक्षक राखी, उप निरीक्षक कोमल चौधरी, उप निरीक्षक उदयपाल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे, ताकि सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके।
