News Highway

खबरों का Digital अड्डा

बहसूमा पुलिस की रात्रि गश्त से बढ़ी सुरक्षा, व्यापारियों में भरोसा मजबूत

बहसूमा। कस्बे और मुख्य बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए बहसूमा थाना पुलिस लगातार रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और फैंटम टीम की तैनाती कर रही है। पुलिस की यह सक्रियता अपराध नियंत्रण के साथ-साथ व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा रही है।

पुलिस की टीम प्रतिदिन रात में बाजार, मुख्य मार्ग और आसपास के इलाकों में पैदल व वाहन गश्त करती है, जिससे असामाजिक तत्वों पर प्रभावी रोक लग रही है। व्यापारियों ने इसे सराहनीय कदम बताया और कहा कि रात्रि में पुलिस की निरंतर मौजूदगी से चोरी व अन्य वारदातों की आशंका कम हुई है।

बुधवार देर रात उपनिरीक्षक राकेश कुमार अपनी टीम के साथ कस्बे में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक हलवाई की दुकान का शटर खुला दिखाई दिया। शक होने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दुकान में चेकिंग की। जांच में पता चला कि रजत पुत्र संजय कुमार प्रजापति अपनी मिठाई की दुकान से सामान लेने आया था। पुलिस की तत्परता देखकर व्यापारियों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।

थाना प्रभारी निरीक्षक प्रतिभा सिंह ने बताया कि रात के समय सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से बाजार, कस्बे और आसपास के इलाकों में विशेष गश्त की जा रही है। यह व्यवस्था अपराधों की रोकथाम और व्यापारियों एवं क्षेत्रवासियों को सुरक्षित माहौल देने के लिए निरंतर जारी रहेगी।

— न्यूज़ हाईवे | आपकी ख़बर, आपकी आवाज़