बहसूमा में खेतों में निकला विशाल अजगर

🔴 बहसूमा में खेतों में निकला विशाल अजगर, किसानों में दहशत; वन विभाग ने कराया रेस्क्यू

बहसूमा। थाना बहसूमा क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर सकिश्त में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किसान के खेत में विशाल अजगर निकलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमित कुमार पुत्र राजपाल के खेत में यह अजगर पिछले तीन दिनों से मौजूद था, जिससे आसपास के किसानों में भय व्याप्त हो गया।

किसान अमित कुमार ने बताया कि वह रोजाना गन्ना भरने के लिए खेत पर जाता था, लेकिन सामने अजगर दिखाई देने के कारण डर के मारे वापस लौट आता था। लगातार तीन दिनों तक खेत में अजगर के डटे रहने से ग्रामीणों ने खेतों की ओर जाना बंद कर दिया। खासतौर पर महिलाओं और बच्चों में भारी डर देखने को मिला।

घटना की सूचना मिलते ही अमित कुमार ने वन विभाग को फोन कर मामले से अवगत कराया। वन विभाग की ओर से जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। इसके बाद हस्तिनापुर वन विभाग से रेंजर खुशबू उपाध्याय के निर्देशन में टीम मौके पर पहुंची।

वन विभाग की टीम में कपिल कुमार, समुद्र दास सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया। अजगर को पकड़ने के बाद उसे जंगल क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अजय कुमार, अंकित गोसाई, परविंदर चौधरी, आशीष कुमार समेत कई ग्रामीण इकट्ठा हो गए और वन विभाग की टीम के आने तक स्थिति पर नजर बनाए रखी। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि इस तरह की घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या पशुहानि से बचा जा सके।

वन विभाग की ओर से ग्रामीणों को सलाह दी गई कि भविष्य में इस तरह के मामलों में अजगर या अन्य वन्य जीव को छेड़ने की कोशिश न करें और तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *