News Highway

खबरों का Digital अड्डा

बहसुमा मंगल बाजार में लाइट गुल: अंधेरे से ग्रामीणों में रोष, नगर पंचायत के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी

लाइट हुई गुल

लाइट हुई गुल

बहसुमा। बहसुमा कस्बे के मंगल बाजार क्षेत्र में नगर पंचायत द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइटें लंबे समय से बंद पड़ी होने के कारण ग्रामीणों और व्यापारियों में भारी रोष व्याप्त है। बाजार क्षेत्र में अंधेरा छाए रहने से आमजन को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शाम ढलते ही रोशनी के अभाव में दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कतें हो रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगल बाजार बहसुमा का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण खरीदारी के लिए आते हैं। स्ट्रीट लाइटें बंद होने के कारण पूरे बाजार में अंधेरा पसरा रहता है, जिससे चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। खासतौर पर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को अंधेरे में निकलने से भय महसूस होता है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नगर पंचायत की उदासीनता के चलते समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। बरसात और सर्दी के मौसम में अंधेरे के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।

इस संबंध में स्थानीय निवासी रविंद्र कुमार, रोहित सिंह, कृपाल सिंह, बिजेंद्र सिंह सहित अन्य लोगों ने कड़ा रोष व्यक्त करते हुए शीघ्र स्ट्रीट लाइटें चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे नगर पंचायत कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मंगल बाजार क्षेत्र में बंद पड़ी सभी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए, ताकि बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो और लोगों को राहत मिल सके। फिलहाल नगर पंचायत से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।