बहसूमा में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सेवा फिर शुरू, भीड़ से बचने की अपील
बहसूमा में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सेवा फिर शुरू, भीड़ से बचने की अपील
बहसूमा। खराब मौसम और लगातार हो रही बूंदाबांदी के बीच आमजन को राहत देने के लिए बहसूमा व्यापार मंडल ने अहम कदम उठाया है। व्यापार मंडल के विशेष आग्रह पर नगर स्थित स्वरूप इंडियन गैस एजेंसी ने शुक्रवार (20 मार्च 2026) से गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सेवा पुनः शुरू कर दी है।
व्यापार मंडल के पदाधिकारी आशीष सिंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि बदलते मौसम और आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अब उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी या गोदाम पर लंबी कतारों में खड़े होने की आवश्यकता नहीं होगी और वे घर बैठे ही सिलेंडर प्राप्त कर सकेंगे।
व्यापार मंडल की ओर से जारी अपील में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे गैस एजेंसी पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं और होम डिलीवरी सेवा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। साथ ही एजेंसी के कर्मचारियों और डिलीवरी कर्मियों का सहयोग करने की भी अपील की गई है, जिससे सेवा सुचारू रूप से संचालित हो सके।
इस संबंध में एजेंसी संचालक अनिल सागर ने बताया कि फिलहाल बहसूमा कस्बे में पहले की तरह होम डिलीवरी व्यवस्था शुरू कर दी गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अगले एक-दो दिनों में आसपास के क्षेत्रों में भी यह सुविधा बहाल कर दी जाएगी।
व्यापार मंडल का मानना है कि जनता के सहयोग से यह व्यवस्था सफल होगी और आने वाले समय में और बेहतर तरीके से संचालित की जा सकेगी।