News Highway

खबरों का Digital अड्डा

बहसूमा पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान, ग्रामीणों को किया सतर्क

अर्जुन देशवाल, बहसूमा | News Highway

बहसूमा। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत बहसूमा थाना पुलिस ने रविवार को थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर में साइबर अपराध से बचाव के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का नेतृत्व साइबर क्राइम प्रभारी कोमल चौधरी ने किया।

कोमल चौधरी ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में ठग मोबाइल, सोशल मीडिया और ऑनलाइन माध्यमों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अज्ञात लिंक, कॉल, ईमेल, लॉटरी या क्यूआर कोड स्कैन करने जैसे धोखाधड़ी के प्रयासों से हमेशा सावधान रहें।

उन्होंने बताया कि यदि कोई संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़ी समस्या सामने आती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराएं।

कोमल चौधरी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने बैंक विवरण, ओटीपी, पासवर्ड या व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करे और सोशल मीडिया पर किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से परहेज करें। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक जानकारी दी।

इस दौरान पुलिस टीम ने पंपलेट बांटकर ग्रामीणों को साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए और साइबर सतर्क नागरिक बनने की अपील की , कार्यक्रम में हेड कांस्टेबल रीना, नीरू, सपना सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है जागरूकता। हर नागरिक साइबर सतर्क बने और दूसरों को भी सतर्क करे।”
कोमल चौधरी, साइबर क्राइम प्रभारी, बहसूमा