1900 किमी पदयात्रा पूरी कर लौटे अमित बिश्नोई का भव्य स्वागत

बहसूमा: 1900 किलोमीटर पदयात्रा पूरी कर लौटे अमित बिश्नोई का भव्य स्वागत, शक्ति गौ सेवा टीम के कार्यकर्ताओं ने किया सम्मान

बहसूमा–रामराज क्षेत्र में माता वैष्णो देवी से 1900 किलोमीटर की पदयात्रा पूरी कर लौटे श्रद्धालु अमित बिश्नोई का भव्य स्वागत किया गया। शक्ति गौ सेवा टीम के विशाल राठी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं ने फूल-मालाओं से सम्मान किया। 44 दिनों तक चली यह प्रेरणादायक यात्रा वैष्णो देवी, खाटू श्याम और सालासर बालाजी दर्शन के साथ संपन्न हुई।

बहसूमा। बहसूमा थाना क्षेत्र में आस्था और सेवा भावना से जुड़ी प्रेरणादायक खबर सामने आई है। माता वैष्णो देवी से 1900 किलोमीटर की लंबी पदयात्रा पूरी कर लौट रहे श्रद्धालु अमित बिश्नोई का शुक्रवार को बहसूमा–रामराज क्षेत्र में भव्य स्वागत किया गया। शक्ति गौ सेवा टीम के कार्यकर्ता विशाल राठी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका सम्मान किया।

अमित बिश्नोई ने बताया कि उन्होंने यह पदयात्रा 15 नवंबर से शुरू की, जो 44 दिनों तक चली। इस दौरान उन्होंने वैष्णो देवी कटरा, खाटू श्याम धाम और सालासर बालाजी महाराज के दर्शन किए। शुक्रवार को वापस लौटने पर फिरोजपुर महादेव मंदिर परिसर में शक्ति गौ सेवा टीम ने उनका स्वागत किया।

यात्रा के दौरान “जय श्री राम” और “जय गौ माता” के जयकारों से क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर टीम की ओर से अमित बिश्नोई का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विशाल राठी, विनीत चौधरी, मोड़ आशु कश्यप, विकास कश्यप और कृष्ण मिस्त्री सहित अनेक लोगों ने भाग लिया। स्थानीय लोगों ने इस पदयात्रा को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि ऐसी यात्राएं समाज में आस्था, सेवा और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देती हैं।