News Highway

खबरों का Digital अड्डा

⚡ बहसूमा में आकाशीय बिजली का कहर: बैंक ठप, पेट्रोल पंप के उपकरण फुंके, जनजीवन अस्त-व्यस्त

बहसूमा में आकाशीय बिजली और बारिश से बैंक व पेट्रोल पंप को नुकसान

बहसूमा में मूसलाधार बारिश के दौरान गिरी आकाशीय बिजली से बैंक और पेट्रोल पंप के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण क्षतिग्रस्त।

बहसूमा (मेरठ)। पिछले दो दिनों से क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और खराब मौसम ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। मंगलवार को तेज बारिश के साथ गिरी आकाशीय बिजली ने बहसूमा क्षेत्र में भारी तकनीकी और आर्थिक नुकसान पहुंचाया, जिससे बैंकिंग सेवाएं ठप हो गईं और पेट्रोल पंप का संचालन भी बाधित हो गया।

मामला बहसूमा क्षेत्र के मोड़ खुर्द का है, जहां एक बैंक में अचानक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में खराबी आ गई। इसके चलते पूरे दिन बैंक का कामकाज पूरी तरह ठप रहा। बैंक में लेन-देन के लिए पहुंचे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

बैंक मैनेजर शिवानी ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने के कारण मशीनों में तकनीकी फॉल्ट आ गया है, जिसकी वजह से किसी भी प्रकार का लेन-देन संभव नहीं हो सका। उन्होंने बताया कि उपकरणों को ठीक होने में करीब दो दिन का समय लग सकता है।

वहीं दूसरी ओर, रामराज कस्बे के मीरापुर रोड स्थित गुरुद्वारे के पास बने एक पेट्रोल पंप पर भी आकाशीय बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ है। बिजली गिरते ही पेट्रोल मशीनों में फॉल्ट आ गया, जिससे पंप का संचालन प्रभावित हो गया।

पेट्रोल पंप मालिक मनमोहन तनेजा उर्फ गोल्डी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे अचानक आकाशीय बिजली गिरने से पंप पर लगे इन्वर्टर सहित कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खराब हो गए। इस घटना से उन्हें अच्छा-खासा आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

लगातार हो रही बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। लोग भय के कारण घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बिजली व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने, नुकसान का आंकलन कर उचित मुआवजा देने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

👉 क्षेत्रवासियों का कहना है कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो ऐसे हादसे भविष्य में और भी गंभीर रूप ले सकते हैं।

✍️ News Highway – बहसूमा की हर खबर, सबसे पहले और भरोसे के साथ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *