News Highway

खबरों का Digital अड्डा

राहवती में महिला सुरक्षा व साइबर जागरूकता कार्यक्रम: छात्राओं को दी गई हेल्पलाइन व साइबर सुरक्षा की जानकारी

बहसूमा | मेरठ जनपद के बहसूमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम राहवती में महिला सुरक्षा एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिभा सिंह (थाना अध्यक्ष, बहसूमा) तथा अति विशिष्ट अतिथि श्रीमती खुशबू उपाध्याय (फॉरेस्ट ऑफिसर, हस्तिनापुर रेंज) द्वारा फीता काटकर किया गया।

मुख्य अतिथि ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1091 तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करना चाहिए।

अति विशिष्ट अतिथि ने संयुक्त परिवार की महत्ता और संस्कारयुक्त समाज निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा की सबसे बड़ी कुंजी है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। उन्हें सलाह दी गई कि वे एटीएम नंबर, ओटीपी, बैंक पासवर्ड जैसी व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने और बिना जांचे-परखे किसी भी मोबाइल ऐप को डाउनलोड न करने की भी हिदायत दी गई।

पुलिस टीम ने साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन 1930, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090 तथा आपातकालीन नंबर 112 की उपयोगिता समझाई और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की। साथ ही रोड सेफ्टी, नशा उन्मूलन और महिला अधिकारों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर उप निरीक्षक राखी सहित पुलिस टीम उपस्थित रही।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रबंधन ने बहसूमा पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय सीखे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *