मातृ समृद्धि उत्सव 2.0 में मातृशक्ति का सम्मान: प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा
बहसूमा में मातृ समृद्धि उत्सव 2.0: मातृशक्ति का सम्मान, सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभाओं ने बिखेरा जलवा
बहसूमा | मेरठ जनपद के बहसूमा क्षेत्र स्थित उत्तम पब्लिक स्कूल, रहावती में ‘मातृ समृद्धि उत्सव सीजन 2.0’ हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। माताओं के प्रेम, समर्पण और समाज निर्माण में उनकी प्रेरणादायक भूमिका को सम्मानित करने के उद्देश्य से हुए इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय में यह कार्यक्रम लगातार दूसरे वर्ष आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती प्रतिभा सिंह (थाना अध्यक्ष, बहसूमा) एवं अति विशिष्ट अतिथि श्रीमती खुशबू उपाध्याय (फॉरेस्ट ऑफिसर, हस्तिनापुर रेंज) द्वारा फीता काटकर किया गया। मुख्य अतिथि ने महिलाओं को आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1091 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देते हुए सुरक्षा व जागरूकता का संदेश दिया। वहीं अति विशिष्ट अतिथि ने संयुक्त परिवार की महत्ता और संस्कारों से समृद्ध समाज निर्माण पर जोर दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जबकि माताओं ने कविता, भजन, नृत्य और नाट्य मंचन से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतिभागी माताओं को सम्मानित किया गया तथा लकी ड्रॉ और बंपर पुरस्कारों ने आयोजन में उत्साह भर दिया। फूलों से होली खेलकर पर्यावरण संरक्षण और इको-फ्रेंडली होली का संदेश भी दिया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ममता चौधरी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जल संरक्षण और वृक्षारोपण का संदेश दिया। अंत में प्रबंधक श्री सी.एस. चौधरी ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पूजा गुप्ता और श्रीमती नौशाबा परवीन ने संयुक्त रूप से किया।