बहसूमा के मोहम्मदपुर सकिश्त में अटल बिहारी वाजपेई की जयंती श्रद्धा से मनाई, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया राष्ट्र सेवा का संकल्प
मोहम्मदपुर सकिश्त गांव बहसूमा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई। राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।
बहसूमा/मेरठ। बहसूमा क्षेत्र के मोहम्मदपुर सकिश्त गांव में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा भारत रत्न, स्वर्गीय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई जी की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम परविंदर उर्फ जैन साहब के आवास पर आयोजित हुआ, जहां बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। उसके बाद उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनके योगदान को याद करते हुए राष्ट्रहित, विकास और सद्भाव की उनकी नीति पर चलने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि अटल जी ने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी और अपनी दूरदर्शी सोच, सादगी, सौम्यता एवं राष्ट्रभक्ति से देश को मजबूत नेतृत्व प्रदान किया। उनके शासनकाल में अंत्योदय, सुशासन और विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेई जी की कवि हृदयता, ओजस्वी वक्तृत्व कला और सर्वसमावेशी राजनीति की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि अटल जी केवल नेता नहीं बल्कि राष्ट्रभावना के प्रतीक थे, जिन्होंने लोकतंत्र को नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्र सेवा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विनोद चौधरी, प्रमोद कुमार, मनोज चौधरी, सुभाष, कैप्टन नरेश चौधरी, ईश्वर सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।