News Highway

खबरों का Digital अड्डा

एआरटीओ मेरठ में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ 24 फरवरी को भाकियू (तोमर) का विशाल धरना-प्रदर्शन

किसानों और आमजन से अवैध वसूली के आरोप, समान व्यवहार की उठाई मांग

किसानों और आमजन से अवैध वसूली के आरोप, समान व्यवहार की उठाई मांग

Meerur News | मेरठ स्थित एआरटीओ कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने बड़ा आंदोलन करने की घोषणा की है। संगठन के जिला अध्यक्ष चौधरी इंतजार देशवाल ने अपने आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 24 फरवरी 2026 को एआरटीओ कार्यालय मेरठ पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि एआरटीओ कार्यालय में किसानों एवं आमजन की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है और वाहन संबंधी कार्यों के नाम पर नियमों के विपरीत धनराशि वसूली जा रही है।


रजिस्ट्रेशन, फिटनेस और ड्राइविंग लाइसेंस में अधिक वसूली का आरोप

भाकियू (तोमर) के अनुसार, जब किसान या आम नागरिक अपनी गाड़ियों का रजिस्ट्रेशन, फिटनेस या ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कार्यालय पहुंचते हैं, तो उनसे सरकारी शुल्क की तुलना में लगभग छह गुना अधिक राशि ली जाती है। संगठन ने इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

संगठन का कहना है कि एआरटीओ कार्यालय परिसर में निजी दलाल खुलेआम सक्रिय हैं, जो काम जल्दी कराने के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूल रहे हैं। यूनियन ने ऐसे व्यक्तियों को तुरंत हटाने की मांग प्रशासन से की है।

ओवरलोडिंग वाहनों से अवैध एंट्री वसूली के आरोप

प्रेस वार्ता के दौरान पीटीओ मैडम प्रीति पांडेय पर भी गंभीर आरोप लगाए गए। संगठन का दावा है कि ओवरलोडिंग वाहनों से हर महीने लगभग 6,000 रुपये एंट्री शुल्क के नाम पर वसूले जाते हैं। आरोप है कि कुछ विशेष वाहनों को बिना रोक-टोक चलने दिया जाता है, जबकि भुगतान न करने वाले वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया जाता है।

भाकियू (तोमर) ने सभी वाहन चालकों और किसानों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की है।


चालान प्रक्रिया और सुरक्षा पर भी उठे सवाल

संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि जिन वाहनों का चालान किया जाता है, उन्हें किसी अन्य व्यक्ति द्वारा चलाकर ले जाया जाता है, जिससे दुर्घटना की स्थिति में जिम्मेदारी तय करना मुश्किल हो सकता है। इसके अलावा पेट्रोल पंपों और दुकानों के बाहर खड़ी गाड़ियों के चालान काटने के आरोप भी लगाए गए हैं। संगठन ने दावा किया कि इन घटनाओं के वीडियो प्रमाण उनके पास मौजूद हैं।

समस्याओं का समाधान न हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

भारतीय किसान यूनियन (तोमर) ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन द्वारा आरोपों की जांच कर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो 24 फरवरी 2026 को एआरटीओ कार्यालय मेरठ पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष अकिल राणा, जिला महासचिव अमित चौधरी, जिला महामंत्री अब्दुल कलाम, जिला प्रवक्ता जमीर चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष अमरपाल सिंह ग्रेवाल, मंडल उपाध्यक्ष प्रतिनिधि कृष्ण कुमार, जिला अध्यक्ष सलाहकार मोनु बटला, जसप्रीत सिंह ग्रेवाल, फैयाज भाई, युवा जिला अध्यक्ष अभिषेक चौधरी सहित संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *