मेरठ .बहसुमा.के रामराज में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, बाजार में मची अफरा-तफरी
बहसुमा.के रामराज में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, बाजार में मची अफरा-तफरी
बहसुमा। जनपद के थाना बहसूमा क्षेत्र अंतर्गत रामराज कस्बे में बुधवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब बीच बाजार में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और बाजार में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम रामराज मोहल्ला ढलाई के नीचे जाटव चौक निवासी सुनील पुत्र कश्मीर सिंह बुधवार दोपहर करीब 2:00 बजे बाइक से बाजार से गुजर रहा था। जैसे ही वह रामराज मुख्य बाजार स्थित सनातन धर्म मंदिर के सामने पहुंचा, तभी अज्ञात हमलावर ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि सुनील को .तीन.गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में भगदड़ मच गई और आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। बाद में एसपी देहात भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावर की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश या अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से रामराज कस्बे में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।