बहसूमा (मेरठ)। हस्तिनापुर ब्लॉक के अंतर्गत स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर सैफपुर फिरोजपुर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक निःशुल्क एक्स-रे एवं टीबी जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में टीबी जैसी गंभीर बीमारी की समय रहते पहचान कर मरीजों को उपचार से जोड़ना तथा संक्रमण की रोकथाम करना रहा।
शिविर के दौरान कुल 108 लोगों का निःशुल्क एक्स-रे परीक्षण किया गया, जबकि टीबी के 9 संदिग्ध मरीजों के बलगम के सैंपल जांच के लिए एकत्र किए गए। यह सैंपल आगे की जांच हेतु हस्तिनापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की टीबी यूनिट में भेजे जाएंगे।
शिविर का संचालन डॉ. अमित उपाध्याय के निर्देशन में किया गया। इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी हेमराज कुमार, एसटीएस विनोद कुमार एवं टेक्नीशियन कपिल कुमार ने जांच कार्य में अहम भूमिका निभाई। डॉ. अमित उपाध्याय ने बताया कि भारत सरकार का लक्ष्य टीबी मुक्त भारत बनाना है और ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में टीबी की जल्द पहचान कर प्रभावी उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरंतर प्रयासों से देश जल्द ही टीबी मुक्त बनेगा।
शिविर के सफल आयोजन में आशा संगिनी रेखा, आशा कार्यकर्ता पूनम एवं सुनीता का विशेष योगदान रहा। उन्होंने जनसंपर्क कर अधिक से अधिक ग्रामीणों को शिविर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्थानीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस निःशुल्क जांच शिविर की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए बेहद लाभकारी बताया। ग्रामीणों का कहना है कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों से उन्हें अपने ही गांव में बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल रही हैं।
